
सिंगरौली । अपनों का साथ भले ही नसीब नहीं हुआ, लेकिन प्रशासनिक संवेदनशीलता और सामाजिक संस्थाओं की तत्परता ने एक माह के मासूम को सुरक्षित भविष्य की उम्मीद दी है। जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न में उपचाररत अज्ञात नवजात बालक को समुचित देखभाल एवं संरक्षण के लिए सतना स्थित सेवा भारती मातृ छाया सदन भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार थाना चितरंगी अंतर्गत प्राप्त नवजात को जिला चिकित्सालय के एसएनसीयू-एनआरसी में प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच एवं देखभाल के बाद बाल कल्याण समिति सिंगरौली के निर्देश पर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया गया। इस पूरी प्रक्रिया में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस तथा बाल संरक्षण इकाई ने समन्वय के साथ तत्परता दिखाई। सेवा भारती मातृ छाया सदन उतैली, सतना में छ: वर्ष तक के बेसहारा एवं अनाथ बच्चों के संरक्षण, चिकित्सा, लालन-पालन और पुनर्वास की व्यवस्था है। संस्था अब तक 215 से अधिक बच्चों को संरक्षण देने के साथ दत्तक ग्रहण के माध्यम से परिवार उपलब्ध कराने में योगदान दे चुकी है। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति अध्यक्ष डॉ. आरडी पाण्डेय, सदस्य देवधर शर्मा, पूनम मिश्रा, पूनम त्रिपाठी, रीना सिंह, महिला बाल विकास अधिकारी शैलेन्द्र साकेत, बाल संरक्षण अधिकारी नीरज शर्मा सहित स्वास्थ्य, पुलिस एवं नर्सिंग स्टाफ के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।
०
