
सिंगरौली । मजदूरों की मांगों की आड़ में अनधिकृत रूप से कोयला परिवहन रोककर आवागमन बाधित करने वालों के विरुद्ध थाना सरई पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने राजू साकेत सहित तीन लोगों को अभिरक्षा में लेकर थाने पहुंचाया। मामले में राजू साकेत के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 1 नवम्बर को परफेक्ट सिक्योरिटी के कुछ सुरक्षा कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर वाहन खड़े करा दिए थे। उन्हें कोल परिवहन चालू रखने और अपनी मांगों का उचित माध्यम से निराकरण कराने की समझाइश दी गई थी। इसी दौरान ग्राम खनुआ तिराहे पर राजू साकेत अपने साथियों के साथ पहुंचा और कोल परिवहन रोक दिया। मौके पर सुरक्षा प्रबंधक सुमन्त द्विवेदी एवं उनके साथियों को रोककर अड़बाजी की जा रही थी। सूचना पर पहुंची सरई पुलिस ने समझाइश दी, लेकिन नहीं मानने पर राजू साकेत व अन्य लोगों को अभिरक्षा में लिया। वहीं रामनारायण सेन एवं वीरेन्द्र सिंह ने पुलिस से बहस करते हुए धक्का-मुक्की की। पुलिस ने दोनों को भी अभिरक्षा में लेकर तहसील न्यायालय सरई भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। राजू साकेत के विरुद्ध धारा 126(2), 119(1), 296(बी), 351(3) एवं 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
