ग्वालियर: करैरा कस्बे को अब दुर्घटनाओं से निजात मिलेगी। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-27 के शिवपुरी-झांसी खण्ड पर करैरा कस्बे के अंतर्गत टीला रोड कॉलेज तिराहे पर फ्लाईओवर के अभाव में इतनी सड़क दुर्घटनाएं हो रही थीं कि उक्त स्थल को दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र घोषित कर दिया गया था। लेकिन अब यहां सांसद भारत सिंह कुशवाह की सक्रियता से आरओबी निर्माण के लिए टैंडर हो चुके हैं और जल्द ही आरओबी का काम शुरू हो जाएगा और डेढ़ साल में यह बनकर तैयार हो जाएगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा उक्त ब्लैक स्पॉट पर दुर्घनाओं को रोकने दीर्घकालीन सुधारात्मक कार्य के अंतर्गत फ्लाईओवर जिसमें 15+30+15 मीटर के स्पॉट का प्रावधान किया गया है, साथ ही 2.860 किलोमीटर सर्विस रोड़ का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। इस पूरे प्रोजेक्ट की कुल लागत 48.19 करोड़ रुपए है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद फ्लाई ओवर निर्माण के टैंडर कराकर एजेंसी का चयन कर लिया गया है,जो जल्द ही आरओबी का काम आरंभ कर देगी।
