रीवा:निगम आयुक्त अक्षत जैन ने सोमवार को नगर निगम सभागार में टीएल समीक्षा बैठक आयोजित कर शहरवासियों से जुड़े विभिन्न जनहितकारी विषयों की विस्तृत समीक्षा की. बैठक में वर्षाकाल के दौरान नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने, जलभराव की समस्या, दुर्घटना संभावित खुली नालियों पर कवर लगाने, सडक़ों के पैचवर्क एवं त्वरित मरम्मत, फायर सेफ्टी, ई-ऑफिस व्यवस्था तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
बैठक के दौरान निगम आयुक्त ने वर्षा ऋतु के दृष्टिगत शहर की सडक़ों का निरीक्षण कर चिन्हित किए गए पैचवर्क कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिए कि पैचवर्क एवं आवश्यक सडक़ों की मरम्मत का कार्य निरंतर जारी रखा जाए. कार्यों में तेजी लाई जाए तथा जहां भी समस्या हो, वहां तत्काल सक्रियता से कार्य कर शहरवासियों को राहत प्रदान की जाए. इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रमुख अतिक्रमण प्रभावित स्थलों की विशेष मॉनिटरिंग करते हुए निरंतर अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
कॉलोनी सेल विभाग को सक्रियता से कार्य करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि कॉलोनी विकास से संबंधित सभी कार्यवाहियां नियमानुसार संपादित की जाएं तथा अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. निगम आयुक्त ने सीएम हेल्पलाइन की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए. शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए. बैठक में उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी, एमएस सिद्दीकी, कार्यपालन यंत्री सिद्धार्थ सिंह राजेश सिंह, सहायक आयुक्त रामनरेश तिवारी, सहायक यंत्री राजेश मिश्रा, पीएन शुक्ला, कमलेश्वर सिंह, रमेश सिंह, अभिनव चतुर्वेदी, स्वास्थ्य अधिकारी मुरारी कुमार, दीपक सिंह तोमर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे.
