
भोपाल। इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में कांग्रेस द्वारा किए गए विरोध को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बयान में तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रविरोधी विचारधारा एक बार फिर सार्वजनिक रूप से सामने आई है। जब पूरा विश्व भारत की तकनीकी क्षमता और नवाचार को स्वीकार कर रहा है, ऐसे समय में कांग्रेस का हंगामा देश की प्रगति से उपजी बेचैनी को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की साख को आघात पहुंचाने का अधिकार किसी भी राजनीतिक दल को नहीं है। भारत आज आत्मविश्वास के साथ वैश्विक नेतृत्व की ओर अग्रसर है और नई तकनीकों, विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने सीमित राजनीतिक हितों के लिए राष्ट्रीय उपलब्धियों को विवादित बनाने का प्रयास कर रही है।
सीएम यादव ने स्पष्ट किया कि यह नया भारत है, जो विकास और नवाचार के मार्ग पर दृढ़ता से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अराजकता की राजनीति से विकास की इस यात्रा को रोका नहीं जा सकता।
