
विशेष संवाददाता भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने देशवासियों से 1 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
एक वीडियो संदेश जारी कर सिंह ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी सहित इंडिया गठबंधन के अन्य प्रमुख नेताओं की पहल पर यह महारैली आयोजित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की लड़ाई किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरे देश की सामूहिक लड़ाई है। उन्होंने नागरिकों से बड़ी संख्या में रैली में पहुंचकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया। साथ ही, दिल्ली नहीं पहुंच पाने वाले लोगों से सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान को समर्थन देने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि दिग्विजय सिंह इन दिनों उज्जैन से अयोध्या तक 930 किलोमीटर लंबी सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। यह यात्रा ओरछा, कानपुर और लखनऊ होते हुए अयोध्या पहुंचेगी। यात्रा के दौरान वे कथित वोट चोरी और चंदे में अनियमितताओं के मुद्दे उठाते हुए पारदर्शिता तथा निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
