लवकुशनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हरद्वार गांव निवासी 29 वर्षीय नीता अहिरवार ने एक अनोखे नवजात को जन्म दिया। नवजात के चार हाथ और चार पैर हैं, जबकि छाती-पेट के ऊपरी हिस्से से एक अतिरिक्त धड़ भी जुड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। जन्म की जानकारी मिलते ही अस्पताल में बच्चे को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। अस्पताल का स्टाफ भी बच्चे की शारीरिक बनावट देखकर हैरान रह गया।
नवजात के पिता शिवचरन अहिरवार बताए गए हैं और जन्म के समय बच्चे का वजन करीब 3 किलो बताया गया। चिकित्सकों के अनुसार प्रारंभिक तौर पर यह जुड़वां भ्रूणों के असामान्य विकास से जुड़ा हेटेरोपैगस कॉन्जेनिटल डिफेक्ट का मामला हो सकता है। हालांकि, बच्चे की वास्तविक स्थिति और अतिरिक्त अंगों के मुख्य शरीर से जुड़ाव की स्थिति विशेषज्ञ जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
सीएमएचओ डॉ. राजेंद्र गुप्ता के अनुसार जच्चा-बच्चा को आवश्यक जांच और उपचार के लिए छतरपुर जिला अस्पताल बुलाया गया है। नवजात की स्थिति पर डॉक्टर लगातार निगरानी रख रहे हैं। सांस, रक्त संचार और अतिरिक्त हिस्सों की स्थिति की जांच की जा रही है। विशेषज्ञों की सलाह के बाद नवजात को एयर एंबुलेंस से जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजने की तैयारी है।
जबलपुर में विशेषज्ञ चिकित्सक जांच के बाद आगे के उपचार की योजना तय करेंगे। डॉक्टरों के अनुसार अतिरिक्त शरीर और अंगों में रक्त संचार, हड्डियों तथा आंतरिक अंगों से उनके संबंध की जांच जरूरी होगी। फिलहाल सर्जरी को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। डॉक्टरों ने कहा कि केवल बाहरी शारीरिक बनावट देखकर बच्चे की पूरी चिकित्सकीय स्थिति का आकलन नहीं किया जा सकता।
