चंडीगढ़, 19 मार्च (वार्ता) पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी के कारण मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मार्च के महीने में एक बार फिर जनवरी जैसी सर्दी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान तापमान में करीब 3.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी है, जिससे यह सामान्य से 4.1 डिग्री नीचे पहुंच गया है। ठंडी हवाओं और बादलों की वजह से दिन और रात दोनों के तापमान में कमी आयी है।
मौसम विभाग ने आज से अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवायें और ओलावृष्टि होने का अनुमान है। पटियाला में अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है। राज्य के पांच जिलों, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
इसके अलावा 19 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इनमें अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) सहित कई क्षेत्र शामिल हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने, खुले स्थानों से दूर रहने और तेज हवाओं और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है।
