संयुक्त राष्ट्र, 12 फरवरी (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने मंगलवार को यमन में हूती द्वारा हिरासत में लिए गए विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) के एक कर्मचारी की मौत की निंदा की और इस त्रासदी की तत्काल, पारदर्शी और गहन जांच का आह्वान किया।
श्री गुटेरेस ने एक बयान में कहा, “मैं हूती के कार्यकारी अधिकारियों द्वारा 23 जनवरी 2025 से मनमाने ढंग से हिरासत में लिये गये विश्व खाद्य कार्यक्रम के एक सहयोगी की 10 फरवरी को हुई मौत की कड़ी निंदा करता हूं।” उन्होंने कर्मचारी के परिवार और डब्ल्यूएफपी सहयोगियों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा, “इस निंदनीय त्रासदी के आसपास की परिस्थितियां अस्पष्ट बनी हुई हैं, और संयुक्त राष्ट्र हूतियों से तत्काल स्पष्टीकरण मांग रहा है।” उन्होंने ‘तत्काल, पारदर्शी और गहन जांच’ और मौत के जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने का आह्वान किया।
श्री गुटेरेस ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय गैर सरकारी संगठनों, नागरिक समाज संगठनों और राजनयिक मिशनों के कर्मियों को हिरासत में लिया जाना जारी है, जिनमें से कुछ को कई वर्षों से हिरासत में लिया गया है।
यमन में संयुक्त राष्ट्र के एक सूत्र ने बताया कि डब्ल्यूएफपी के एक आईटी संचालन अधिकारी अहमद बालावी की सोमवार को उत्तरी यमन के सादा प्रांत में हूती हिरासत केंद्र में मृत्यु हो गई।
