सतना: पिछले दिनों शिक्षा विभाग में हुए प्रशासनिक फेरबदल के अंतर्गत बतौर सहायक संचालक भोपाल के तौर पर सेवाएं दे रहीं सलोनी शर्मा का स्थानांतरण सतना जिले के लिए कर दिया गया था. इसी कड़ी में उन्होंने शुक्रवार को सतना पहुंचकर जिला शिक्षा अधिकारी सतना के रुप में पदभार ग्रहण कर लिया.शुक्रवार की सुबह जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर सलोनी शर्मा ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया.
जिसके बाद नवागत डीईओ ने कार्यालय में पदस्थ सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया. इसके साथ ही कार्यक्षेत्र से संबंधित प्रमुख बिंदुओं के संबंध में प्राथमिकताएं भी बताईं. गौरतलब है कि मूल रुप से नरसिंहगढ़ से संबंध रखने वाली सलोनी ने 2020 की मप्र लोक सेवा आयोग की परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की थी. चूंकि पिता शिक्षक थे इसलिए सलोनी ने भी लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए शिक्षा विभाग को ही प्राथमिकता दी.
वहीं एकेडमिक क्वालिफिकेशन के तौर पर देखा जाए तो उन्होंने बीएससी कंप्यूटर साइंस और एमएससी रुरल डेवलपमेंट के साथ-साथ डिजास्टर मैनेजमेंट में सर्टिफिकेट कोर्स भी किया हुआ है. लोक सेवा आयोग से सहायक संचालक पद पर चयनित अधिकारी को जिला शिक्षा अधिकारी सतना बनाए जाने से विभागीय स्तर पर बेहतर और पारदर्शी व्यवस्था की उम्मीद लोगों द्वारा जताई जा रही है.
