भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि वे राष्ट्रनिर्माण, युवा जागरण और आध्यात्मिक चेतना के अमर प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में कहा कि स्वामी विवेकानंद के ओजस्वी विचार, अद्भुत आत्मबल और राष्ट्र के प्रति समर्पित दृष्टि ने भारत की सनातन सांस्कृतिक चेतना को विश्व पटल पर गौरव दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन और उनके विचार आज भी देश के युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण के लिए युवा शक्ति को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
डॉ. यादव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का व्यक्तित्व और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, आत्मविश्वास और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
