
इंदौर. भंवरकुआं क्षेत्र में 39 वर्षीय महिला ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने, रुपए लेने और बाद में आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने साई नगर, मूसाखेड़ी निवासी सोनू पिता कन्हैया यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है.
पीड़िता का आरोप है कि सोनू ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए, इस दौरान खर्च के नाम पर उससे रुपए भी लिए. जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने इनकार कर दिया. महिला का आरोप है कि संबंधों के दौरान बनाए गए फोटो-वीडियो आरोपी के पास हैं. शादी के लिए दोबारा दबाव बनाने या शिकायत करने पर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह उसे डराने लगा. परेशान होकर महिला ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है.
