
ग्वालियर। ग्वालियर की रायरू डिस्टिलरी से एक ट्रक देसी शराब की 2000 पेटी लेकर जबलपुर देशी वेयरहाउस के लिए रवाना हुआ था। ट्रक ड्राइवर ने रायरु स्थित ग्राम बीलपुरा में 400 पेटी शराब उतार दी। अवैध शराब बिक्री की सूचना पर आबकारी विभाग ने रायरू में उदयभान उर्फ़ सोनू यादव के पशुबाड़े पर दबिश दी। जहाँ भूसे के ढेर में 30 पेटी देशी मसाला मदिरा बरामद हुई । इसके बाद आबकारी विभाग ने सागर से ट्रक जप्त किया। ट्रक में 876 पेटी शराब मिली। ट्रक ड्राइवर ने ट्रक पलट कर लूट की योजना बनाई थी। आबकारी विभाग ने आरोपियों को पकड़ लिया है।
आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि रायरू में अवैध शराब बिक रही है। सूचना पर आबकारी विभाग ने आरोपी उदयभान उर्फ़ सोनू यादव से पूछताछ की तो उसने सारी योजना बता दी। इसके बाद आबकारी विभाग ने ट्रक के रूट का पीछा कर हीरापुर तहसील बंडा जिला सागर में ट्रक पकड़ लिया। ट्रक में 876 पेटी देशी मसाला मदिरा मिली। ट्रक ड्राइवर ने बताया कि वह ट्रक में ग्वालियर से 2000 पेटी मसाला शराब लेकर निकला था। ट्रक मालिक, ड्राइवर की ट्रक को पलटाकर लूट की घटना बनाने का षड्यंत्र था। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
