वाशिंगटन, 20 मई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान के साथ जारी संघर्ष को ‘बहुत जल्द’ समाप्त होने की उम्मीद कर रहे हैं और इसके परिणामस्वरूप तेल की कीमतों में भारी गिरावट आ सकती है। दूसरी ओर, अमेरिकी सीनेट ने एक युद्ध अधिकार प्रस्ताव को आगे बढ़ाया है, जिसके तहत ईरान के खिलाफ तैनात अमेरिकी सैनिकों की वापसी सुनिश्चित की जा सकती है। व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में आयोजित वार्षिक संसदीय समारोह को संबोधित करते हुए श्री ट्रंप ने सांसदों और उनके परिवारों से कहा कि ईरान समझौता करने के लिए बेहद उत्सुक है। उन्होंने कहा, “ हम इस युद्ध को बहुत जल्दी खत्म कर देंगे। वे समझौता करना चाहते हैं। यह 47 साल पहले हो जाना चाहिए था और अब यह तेजी से होगा। आप तेल की कीमतों में भारी गिरावट देखेंगे।” श्री ट्रंप ने दोहराया कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और उम्मीद जतायी कि विवाद का समाधान ‘बेहद शांतिपूर्ण तरीके’ से निकल सकता है।
राष्ट्रपति का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी सीनेट ने एक युद्ध अधिकार प्रस्ताव को प्रक्रियात्मक मंजूरी दे दी है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यदि यह प्रस्ताव पारित होता है तो ईरान के खिलाफ तैनात अमेरिकी सशस्त्र बलों को वापस बुलाना अनिवार्य हो सकता है। रिपब्लिकन पार्टी के बिल कैसिडी, रैंड पॉल, सूज़न कॉलिन्स और लीज़ा मर्कोस्की सहित चार सीनेटरों ने डेमोक्रेट सांसदों के साथ मिलकर प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। इस प्रस्ताव को 50-47 मतों से आगे बढ़ाया गया। डेमोक्रेट सीनेटर जॉन फेटरमैन ने रिपब्लिकन सदस्यों के साथ मिलकर इसका विरोध किया। यह संघर्ष शुरू होने के बाद इस तरह के प्रस्ताव पर सीनेट में आठवां मतदान था। इस वर्ष दूसरी बार कुछ रिपब्लिकन सांसदों ने डेमोक्रेट सदस्यों के साथ मिलकर युद्ध अधिकार प्रस्ताव को सीनेट न्यायपालिका समिति से बाहर लाने का समर्थन किया है। इस बीच, श्री ट्रंप ने खुलासा किया कि वह ईरान पर नये हमले का आदेश देने से ‘सिर्फ एक घंटे दूर’ थे, लेकिन सऊदी अरब, कतर और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के के अनुरोध पर उन्होंने इसे स्थगित कर दिया। दूसरी ओर, उपराष्ट्रपति जेडी वांस ने कहा कि ईरान की वार्ता संबंधी स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं है।

