
नीमच/मनासा । मनासा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम सांडीया में लापता युवक पंकज उपाध्याय (33) का शव शुक्रवार को गांव के ही एक कुएं में तैरता हुआ मिला। शव दिखते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मनासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। प्राथमिक जांच में पाया गया कि युवक के गले में लगभग 40 किलो का पत्थर बंधा हुआ था, जिसे देख परिजनों ने आशंका जताई है कि पंकज की हत्या साजिश के तहत की गई है। परिजनों का कहना है कि वह 24 नवंबर को बिना बताए घर से निकला था और तब से उसकी तलाश जारी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है, जहां पैनल द्वारा परीक्षण किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। वहीं मनासा पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच में जुट गई है।
