निम्बाहेड़ा: तीन जैन संतों शैलेश मुनि, बलभद्र मुनि एवं मुनिन्द्र मुनि मसा आदि जैन संतो का विहार सिंगोली से होकर ग्राम कछाला में स्थिरता थी, जैन संतों के साथ असमाजिक तत्वों द्वारा गंभीर मारपीट की गई, यह घटना प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्थाओं को शर्मसार करने वाली है। जैन मुनियों संतो के साथ घटित हुई घटना की राजस्थान सरकार के पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से वार्ता कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही का आग्रह किया है।
विधायक कृपलानी ने मुख्यमंत्री यादव से वार्ता कर बताया कि जैन साधुओं के साथ घटित यह घटना न केवल जैन समाज की शांति और अहिंसा के सिद्धांतों के खिलाफ है, बल्कि मानवीय मूल्यों का भी अपमान है। विधायक कृपलानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह से भी जैन संतों की सुरक्षा पर कड़े कानून बनाने, ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने तथा उनकी सुरक्षा में पुलिस प्रशासन की व्यवस्था करने का आग्रह किया है।
