पुलिस सोती रही, लॉकअप से फरार हो गया चोरी का आरोपी, तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

गुना: गुना जिले से एक बार फिर खाकी को शर्मसार करने वाली एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मधुसूदनगढ़ थाने के लॉकअप में बंद चोरी का एक आरोपी पुलिस को सोता हुआ छोड़कर रफूचक्कर हो गया।जानकारी के अनुसार, पुलिस ने गुरुवार शाम को चोरी के संदेह में स्थानीय निवासी दिनेश भील पिता मेहरबान सिंह को हिरासत में लिया था। सुरक्षा के लिहाज से उसे थाने के लॉकअप में रखा गया था, जिसकी निगरानी के लिए एक हेड कांस्टेबल और दो आरक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन रात के सन्नाटे में कानून के रखवाले ही बेखबर होकर सो गए।

घटना शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है, जब सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी गहरी नींद में थे, तभी आरोपी दिनेश बड़ी चालाकी से लॉकअप खोलकर थाने की बाउंड्री से बाहर निकल गया। सुबह जब पुलिसकर्मियों की आँख खुली और हवालात खाली नजर आई, तो उनके हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में आसपास के इलाकों में तलाशी ली गई, लेकिन तब तक आरोपी पुलिस की पहुंच से काफी दूर जा चुका था। मामला सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारियों ने इस भारी लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया है। एएसपी मानसिंह ठाकुर ने बताया कि ड्यूटी में कोताही बरतने के आरोप में दीवान नरेंद्र दुबे, आरक्षक रंजीत खटीक और विनीत मौर्य को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। फिलहाल, थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Next Post

ननि के वार्ड 38 से 41 तक राख का कहर, कई मोहल्लों में घुट रही सांसें

Sat Apr 4 , 2026
सिंगरौली: बैढ़न के तुलसी वार्ड बलियरी स्थित वार्ड क्रमांक 38 में एनटीपीसी विंध्याचल सुपर थर्मल पावर स्टेशन का फ्लाई ऐश डैम आसपास के क्षेत्रों के लिए चुनौती बनता नजर आ रहा है। करीब 500 एकड़ में फैले इस डैम से उड़ने वाली राख और धूल का प्रभाव अब केवल वार्ड […]

You May Like