महू के पर्यटक स्थलों पर सैलानियों का उमड़ा हुजूम

महू: नए साल के पहले दिन गुरुवार को तहसील क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भारी भीड़ देखने को मिली. चोरल डेम, पातालपानी, जाम दरवाजा और जनापाव जैसे प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर लोगों ने परिवार और मित्रों के साथ नए वर्ष का स्वागत किया. चोरल डेम पर सैलानियों ने स्पीड बोट और जलपरी बोट का आनंद लिया, वहीं जाम दरवाजा और पातालपानी में लोगों ने वादियों की खूबसूरती को निहारा. गुरुवार सुबह से ही पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की आवाजाही बढ़ने लगी थी. हालांकि, गुरुवार को वर्किंग डे होने का असर भी कुछ हद तक देखने को मिला, लेकिन इसके बावजूद दिनभर सभी प्रमुख स्थलों पर चहल-पहल बनी रही.

साल के पहले दिन देव-दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
नए वर्ष के आगमन पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने देव-दर्शन कर वर्ष की शुभ शरूआत की. शहर के चक्कीवाले महादेव मंदिर, गोपाल मंदिर, साईं मंदिर, काली माता मंदिर, खड़े पाताल हनुमान मंदिर, सिद्धि विनायक गणेश मंदिर, बड़गोंदा बालाजी मंदिर, मानपुर स्थित आशापूर्णा माता मंदिर, जानापाव स्थित परशुराम मंदिर, महादेव खोदरा सहित अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं. सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा.

पुलिस बल रहा तैनात, खतरनाक स्थानों से हटाए सैलानी
सैलानियों की सुरक्षा को देखते हुए सभी पर्यटन स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहा. बामनिया कुंड और मेहंदी कुंड में कुछ सैलानी खतरनाक स्थानों पर पहुंच गए थे, जिन्हें पुलिस ने समझाइश देकर वहां से हटाया. दोपहर के समय पुलिस ने इन दोनों स्थलों से सैलानियों को वापस भी लौटाया.
नए साल की पूर्व संध्या पर चला पुलिस का चेकिंग अभियान
इधर, नए साल की पूर्व संध्या पर बुधवार देर रात तक पुलिस ने क्षेत्र में व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया. महू, किशनगंज, बड़गोंदा, मानपुर और सिमरोल में विभिन्न पाइंट्स पर चेकिंग की गई. इसके अलावा बड़गोंदा, महू और मानपुर थाना क्षेत्रों में देर रात फार्म हाउसों की भी जांच की गई. एएसपी रुपेश द्विवेदी ने बताया कि चेकिंग के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने नहीं आई है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे

Next Post

उपभोक्ताओं को बताएंगे खाद्य सामग्री में मिलावट पता करने के तरीके

Fri Jan 2 , 2026
इंदौर: जिले में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा मिलावटखोरों के विरूद्ध सतत् रूप से ं की जा रही है। साथ ही जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किये जा रहे है. इसी क्रम में गुरूवार को 56 दुकान चाट चौपाटी पर मोबाईल फूड टेस्टिंग लेब की सहायता से […]

You May Like