
भोपाल: भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने आधुनिकीकरण की दिशा में एक और उपलब्धि दर्ज की है। इलेक्ट्रिकल मशीनरी विभाग में पुनर्निर्मित स्कोडा हॉरिजॉन्टल बोरर मशीन का शुभारंभ यूनिट हेड एवं महाप्रबंधक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने एक सादे समारोह में किया।
इस अवसर पर रूपेश तेलंग, महाप्रबंधक (फीडर्स, टीसीबी-मैन्युफैक्चरिंग, कमर्शियल एवं मेंटेनेंस); विकास खरे, महाप्रबंधक (ईएम); राजेश कुमार अग्रवाल, महाप्रबंधक (एसओएम); आशीष औरंगाबादकर, महाप्रबंधक (डब्ल्यूईएक्स एवं एमओडी); तथा संतोष डोंगरे, महाप्रबंधक (फीडर्स) सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पुनर्निर्माण का कार्य वर्क्स इंजीनियरिंग एंड सर्विसेज विभाग द्वारा कम समय और कम लागत में पूरा किया गया। इस पहल से न केवल मशीन को नई कार्यक्षमता प्राप्त हुई है बल्कि उत्पादन प्रक्रिया में सुधार, गुणवत्ता वृद्धि और संचालन लागत में कमी की भी संभावना है।
बीएचईएल भोपाल लगातार ऐसे तकनीकी उन्नयन कार्य करता रहा है ताकि अपनी विनिर्माण क्षमता को सशक्त बनाते हुए दक्षता, नवाचार और प्रतिस्पर्धात्मकता को और अधिक मजबूत किया जा सके।
