
छतरपुर। राम नवमी के एक दिन पहले छतरपुर शहर पूरी तरह दुल्हन की तरह सज गया है। 26 मार्च 2026 को निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर शहर में उत्साह चरम पर है। श्री राम सेवा समिति द्वारा आयोजित इस परंपरागत शोभायात्रा में इस बार कई खास बदलाव और आकर्षण देखने को मिलेंगे।
हर साल की तरह इस बार भी यह आयोजन अयोध्या की तर्ज पर किया जा रहा है, जिसमें 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। शोभायात्रा में 30 से ज्यादा भव्य झांकियां, रामलीला मंचन और बुंदेली संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। खास आकर्षण के रूप में 2000 से अधिक बालिकाएं तलवारबाजी का प्रदर्शन करेंगी, जो लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
इस बार आयोजन समिति ने एक बड़ा निर्णय लेते हुए शोभायात्रा में डीजे के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। यह बदलाव पिछले 20 वर्षों की परंपरा से अलग है, जिसे अनुशासन और सांस्कृतिक माहौल को ध्यान में रखते हुए लागू किया गया है।
शोभायात्रा दोपहर 12 बजे रामलीला मैदान से शुरू होकर गांधी चौक, कोतवाली, महल तिराहा और छत्रसाल चौराहे से होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, जिसमें 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
पूरे शहर में सजावट, रोशनी और तैयारियों के बीच राम नवमी को लेकर भक्ति और उत्साह का माहौल साफ नजर आ रहा है।
