मंत्रियों के बयान पर पूर्व सैनिकों में आक्रोश, सड़कों पर उतरने की चेतावनी

भोपाल।मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह और डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के हालिया बयानों ने पूर्व सैनिकों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। शनिवार को पीसीसी में कांग्रेस सैनिक प्रकोष्ठ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव ने इन बयानों को सेना का अपमान बताया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय सेना किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के चरणों में नतमस्तक नहीं होती, बल्कि वह संविधान और राष्ट्र की सेवा करती है.

मेजर जनरल श्रीवास्तव ने कहा, “एक पूर्व सैनिक के रूप में, सेना के इस अपमान ने हमें गहरा आघात पहुंचाया है। यदि इन नेताओं के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई नहीं की जाती है, तो देशभर के पूर्व सैनिक सड़कों पर उतरेंगे।” उन्होंने भाजपा के “तोड़-मरोड़कर बयान पेश करने” के तर्क को भी खारिज कर दिया.

मेजर श्याम सुंदर ने सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा, “जब हमारी सेना देश की रक्षा के लिए जान तक देने को तैयार है, तो उसके सम्मान पर चोट करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती?” उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार की इस निष्क्रियता से जवानों में दुख और आक्रोश है। पूर्व सैनिकों ने सेना के राजनीतिकरण पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति के लिए सेना को घसीटा जा रहा है, जो कि अस्वीकार्य है। उन्होंने यह भी कहा कि सेना देश के लिए समर्पित है, न कि किसी पार्टी के लिए।

समाजवादी पार्टी के बयानों पर भी उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया दी और कहा कि सेना के जवानों को पहले दिन से ही देश को सर्वोच्च मानने की शिक्षा दी जाती है। पूर्व सैनिकों ने सरकार से इस मामले में खुलकर प्रतिक्रिया देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उन्हें अदालत के फैसले का इंतजार है, लेकिन सरकार की चुप्पी उन्हें खल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो जनता और सैनिकों का आक्रोश सड़कों पर दिखेगा।

मेजर श्याम सुंदर ने करनाल सोफिया कुरैशी के खिलाफ आपत्तिजनक बयानों की भी निंदा की और इसे सेना का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि सेना अनुशासन और नेतृत्व में विश्वास रखती है, और ऐसे बयान गलत संदेश फैलाते हैं।

Next Post

DY CM ने रीवा शहर में निर्माणाधीन विकास कार्यों की समीक्षा की

Sat May 17 , 2025
रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि रीवा शहर में निर्माणाधीन विकास कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा कराया जाए तथा आगामी 15 जून को जिला चिकित्सालय के विस्तार भवन एवं ओपीडी का लोकार्पण कराएं. राजनिवास सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री […]

You May Like