
जबलपुर। ग्वारीघाट थाना अंतर्गत न्यू पीपी कॉलोनी में बेखौफ चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर न सिर्फ अलमारी के परखच्चे उड़ाए, बल्कि भारी-भरकम तिजोरी को बाहर निकालकर उसे कटर से काट दिया। शातिर बदमाश चांदी के बर्तन और नीचे रहने वाले किरायेदार का पासपोर्ट लेकर रफूचक्कर हो गए। यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है ।जम्मू से ऑनलाइन कैमरे में जब मां ने घर के ताले टूटे देखे तो बेटी को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार मदनमहल लेबर चौक निवासी प्राची वर्मा ने पुलिस को बताया कि उनकी मां प्रगति श्रीवास्तव एमआईजी, न्यू पीपी कॉलोनी, थाना ग्वारीघाट वाले घर में अकेली रहती हैं। वह पिछले तीन महीनों से जम्मू में अपनी छोटी बेटी के घर गई हुई हैं। रविवार की शाम करीब 5:30 बजे मां ने जम्मू से प्राची को फोन किया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने मोबाइल पर घर के ऑनलाइन सीसीटीवी कैमरे चेक किए, तो उन्हें गड़बड़ी दिखी। मां ने कहा तुरंत घर जाकर देखो, ताले टूटे हुए लग रहे हैं। जब प्राची आनन-फानन में ग्वारीघाट स्थित मकान पर पहुंची, तो नजारा देखकर दंग रह गई। चोरों ने ऊपर जाने वाले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया था। इतना ही नहीं, नीचे रहने वाले किरायेदार सुजीत कुमार के कमरे का ताला भी चटका हुआ था। घर के अंदर मास्टर बेडरूम का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी के अंदर फिट तिजोरी को औजारों की मदद से बाहर खींचा और उसे तोड़ डाला। तिजोरी में रखे चांदी के छोटे बर्तन गायब थे। अलमारी में रखा किरायेदार सुजीत का पासपोर्ट भी चोर उठा ले गए। चोरी की भनक लगते ही जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो उसमें दो अज्ञात लड़के घर की बाउंड्री लांघकर अंदर घुसते और वारदात को अंजाम देते साफ नजर आ रहे हैं। प्राची के मुताबिक, मां के जबलपुर लौटने के बाद ही पूरी अलमारी की जांच होगी और पता चल सकेगा कि कुल कितने लाख के जेवरात और नकदी चोरी हुई है। फिलहाल ग्वारीघाट पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर अज्ञात चोरों की पतासाजी शुरू कर दी है।
