ईरान ने किया अमेरिकी ड्रोन को मार गिराने का दावा, बदले की चेतावनी दी

तेहरान, 26 मई (वार्ता) ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने मंगलवार को दावा किया कि उसने फारस की खाड़ी के ऊपर एक अमेरिकी एमक्यू-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया है। ईरान ने इसे अपने हवाई क्षेत्र का उल्लंघन बताते हुए चेतावनी जारी की कि वह अमेरिकी सेना द्वारा युद्धविराम के किसी भी उल्लंघन का करारा जवाब देगा। ईरानी मीडिया में छपे एक बयान में आईआरजीसी ने कहा कि उसकी वायु रक्षा इकाई ने दुश्मन की हवाई गतिविधि की ‘सटीक खुफिया निगरानी’ के बाद ड्रोन को मार गिराया। उसने यह भी दावा किया कि एक अमेरिकी आरक्यू-4 सर्विलांस ड्रोन और एक एफ-35 फाइटर जेट पर फायरिंग की, जिससे दोनों वायुयानों को इलाका छोड़ना पड़ा। बयान में यह नहीं बताया गया कि ये घटनाएं कब हुईं। ईरानी दावों पर अमेरिकी सेना की ओर से तुरंत कोई जवाब नहीं आया है।

आईआरजीसी ने दोहराया कि ईरान के पास युद्धविराम के किसी भी उल्लंघन के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करने का ‘सही और निर्णायक’ अधिकार है और अपने हवाई क्षेत्र में घुसपैठ के खिलाफ चेतावनी जारी की। यह बयान अमेरिकी सेना के उस बयान के कुछ घंटों बाद आया जिसमें उसने कहा था कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी मिसाइल लॉच स्थलों और नावों पर ‘आत्मरक्षा में बचाव’ किए हैं। गौरतलब है कि यह बयान एक नाजुक युद्धविराम की स्थिरता और तनाव बढ़ने से रोकने के लिए चल रहे कूटनीतिक प्रयासों को लेकर चिंताओं के बीच आया है। अमेरिका की केंद्रीय कमान के प्रवक्ता टिमोथी हॉकिन्स ने कहा, “अमेरिकी बल ने आज दक्षिणी ईरान में आत्मरक्षा में हमले किए ताकि हमारे सैनिकों को ईरानी सुरक्षा बलों से होने वाले खतरों से बचाया जा सके।” सेंटकॉम के मुताबिक लक्ष्य में मिसाइल लॉच स्थल और ईरानी जहाज शामिल थे जो समुद्री बारूदी सुरंगे लगाने की कोशिश कर रहे थे।

Next Post

विश्व कप फुटबॉल के दौरान अमेरिका में खेलने वाली ईरानी टीम मेक्सिको में ठहरेगी

Tue May 26 , 2026
मेक्सिको सिटी, 26 मई (वार्ता) मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने ईरान की टीम को विश्व कप के दौरान अपने देश में ठहरने की अनुमति देने पर सहमति जता दी है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका उन्हें अपने यहां ठहराने का इच्छुक नहीं है। सुश्री शीनबाम ने कहा कि अमेरिका […]

You May Like