ग्वालियर: मप्र कांग्रेस के सभी जिला अध्यक्षों की आज गुरुवार को दिल्ली में कांग्रेस के नए मुख्यालय में बैठक होगी। इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, मप्र के प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के साथ मप्र के सह प्रभारी गण भी मौजूद रहेंगे। ग्वालियर कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा व भिंड के जिला अध्यक्ष मानसिंह कुशवाह बैठक में शामिल होने दिल्ली पहुंच गए हैं।
मप्र में 2018 के विधानसभा चुनाव को छोड़कर 2003 से कांग्रेस लगातार चुनाव हारती आ रही है। 2020 में हुए दलबदल के कारण कमलनाथ सरकार के गिरने और जमीनी संगठन के कमजोर होने के बाद अब कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की कवायद कर रही है।आज होने वाली बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी जिला अध्यक्षों से संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा करेंगे। इस बैठक में जिला अध्यक्षों की भूमिका को और प्रभावी बनाने पर चर्चा होगी। इसके बाद 9 अप्रैल को गुजरात के अहमदाबाद में कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में इस प्रस्ताव को पास किया जाएगा, जिसके बाद इसे पूरे देश में लागू किया जा सकता है
