मंडला/नैनपुर :आदिवासी अंचल नैनपुर के लिए अब एक बड़ी खुशखबरी है। ग्रामीण मरीजों के लिए इंतजार खत्म हुआ, क्योंकि सिविल अस्पताल नैनपुर में डायलिसिस सेवा शुरू हो गई है। यह सुविधा कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके के सतत प्रयास और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के सहयोग से साकार हुई है।स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाली इस पहल में राज्यसभा सांसद विवेक तनखा ने आगे बढ़कर एक डायलिसिस मशीन दान में दी, जबकि शासन की ओर से मिली मशीन के साथ अब दो यूनिटें लगातार कार्यरत हैं।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से यह सेवा अल्प समय में शुरू कर दी गई। अब तक पाँच मरीजों की डायलिसिस सफलतापूर्वक संपन्न की जा चुकी है, और प्रतिदिन 5 से 6 मरीजों को उपचार की सुविधा मिल रही है।डायलिसिस इकाई और शिशु गहन चिकित्सा इकाई के प्रारंभ से अब नैनपुर व आसपास के गाँवों के मरीजों को इलाज के लिए ज़िला अस्पताल या बाहरी जनपदों तक नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय मरीजों ने इस सुविधा को “जीवनदान” बताते हुए मंत्री संपतिया उइके और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार जताया।यह पहल न केवल नैनपुर बल्कि पूरे आदिवासी अंचल में स्वास्थ्य सेवा को नई ऊर्जा और उम्मीद देने वाली साबित हो रही है
