रामपुर नैकिन से चुरहट तक के रेलवे ट्रैक पर ट्रेन का हाई स्पीड ट्रायल

सीधी। ललितपुर-सिंगरौली नवीन रेलवे लाइन के द्वितीय खण्ड रीवा-सिंगरौली का कार्य दु्रत गति से चल रहा है। सीधी जिले में रामपुर नैकिन से चुरहट रेलवे स्टेशन तक रेलवे ट्रैक का दो दिवसीय निरीक्षण पश्चिम मध्य रेलवे के रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा आज से किया जा रहा है। आज मंगलवार को इस नये ट्रैक पर सीआरएस स्पेशल ट्रेन का हाई-स्पीड ट्रायल सफलता पूर्वक किया गया।

निर्माण विभाग जबलपुर द्वारा ललितपुर-सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना के रामपुर नैकिन से चुरहट रेलवे स्टेशन तक करीब 21 किलोमीटर के सेक्शन का सीआरएस इंस्पेक्शन 18 एवं 19 अगस्त के लिये निर्धारित किया गया। इसी तारतम्य में आज सीआरएस इंस्पेक्शन के दौरान इंजन के साथ ट्रेन के डिब्बों को रामपुर नैकिन से चुरहट के बीच दौड़ाया गया। सीआरएस इंस्पेक्शन आज होने की जानकारी मिलने के कारण रामपुर नैकिन एवं चुरहट रेलवे स्टेशन पर लोगों की काफी भीड़ जमा थी। सुरक्षा के लिहाज से दोनो रेलवे स्टेशनों में पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी। चुरहट रेलवे स्टेशन में यह ट्रेन दोपहर 12.26 बजे पहुंची। जब बोगियों के साथ ट्रेन आकर रूकी तो खुशी की लहर दौड़ गई। सीआरएस इंस्पेक्शन 21 किलोमीटर के सेक्शन में 19 अगस्त को भी जारी रहेगा।

००

सीधी की रेल कनेक्टिविटी, विकास की नई रफ्तार : डॉ. राजेश

 

सीधी सासंद डॉ.राजेश मिश्रा ने कहा कि ललितपुर-सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत रामपुर नैकिन-चुरहट रेलखंड का रेल संरक्षा आयुक्त (सीएसआर) द्वारा 18 एवं 19 अगस्त 2026 को किया जा रहा निरीक्षण सीधी को रेल सुविधा से जोडऩे की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

००

50 से 110 किमी की रफ्तार से दौड़ी ट्रेन

डबल इंजन और 12 बोगियों से सजी सीआरएस स्पेशल ट्रेन सुबह 10:35 बजे रीवा से रवाना हुई। इस ट्रेन में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों सहित लगभग 100 लोग सवार थे। यह ट्रेन दोपहर 12:26 बजे चुरहट रेलवे स्टेशन पर पहुंची। स्पीड ट्रायल के दौरान नए बिछे ट्रैक पर ट्रेन की गति 50 किमी प्रति घंटे से लेकर 110 किमी प्रति घंटे तक मापी गई, जिसमें विभाग को बड़ी सफलता मिली है। इसके बाद दोपहर 2:43 बजे ट्रेन आगे के निरीक्षण के लिए रवाना हुई। ट्रायल के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब चुरहट क्षेत्र के ग्रामीणों ने ट्रैक पर आकर लाल झंडी दिखा दी। ग्रामीणों द्वारा ट्रेन रोके जाने के बाद अधिकारियों में हडक़ंप मच गया। ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि रेलवे लाइन निर्माण के कारण उनके आने-जाने के पारम्परिक रास्ते बंद हो गए हैं इसलिए उन्हें आवागमन के लिए नया रास्ता या अंडरपास दिया जाए। मौके पर मौजूद रेलवे के उच्चाधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से सुना और उन्हें शांत कराया। अधिकारियों ने आश्वासन देते हुए 4 दिन का समय मांगा है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि अगले 4 दिनों के भीतर सर्वे और तकनीकी पहलुओं को जांचकर समस्या का उचित समाधान निकाल लिया जाएगा।

००००००००००००

Next Post

दो पंचायत सचिवों की एक-एक वेतन वृद्धि रोकी

Tue Aug 18 , 2026
शाजापुर, जिला पंचायत सीईओ ने कार्य में लापरवाही बरतने पर वाले दो पंचायत सचिवों पर कार्यवाही की गई है. जानकारी के अनुसार जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री मनीषा वास्कले ने हितग्राही की समग्र सदस्य आईडी डिलीट कर दिए जाने से हितग्राही को विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित करने […]

You May Like