टोल प्लाजा का बैरियर तोडक़र भागा तस्कर, पीछा करने पर डिवाइडर से टकराई स्कार्पियो

जबलपुर। बरगी पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर अवैध अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोडक़र भाग रहा था। आरोपी के पास से 4 लाख 1 हजार 560 रुपये की अंग्रेजी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की स्कार्पियो गाड़ी जब्त की है।

बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया कि पुलिस टीम पेट्रोलिंग कर रही थी, तभी से सूचना मिली कि धूमा की तरफ से एक काले रंग की स्कार्पियो में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लोड कर जबलपुर की ओर लाई जा रही है। सूचना पर टीम ने तुरंत निगरी कैनाल के पास नाकाबंदी कर गाडिय़ों की चेकिंग शुरू कर दी। चेकिंग के दौरान धूमा की तरफ से वही संदिग्ध स्कार्पियो क्रमांक एमपी 20 जेड डब्ल्यु 5181 आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। आरोपी चालक टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोड़ते हुए तेजी से भागा। पुलिस ने अपनी गाडिय़ों से उसका पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देख घबराए चालक ने दून स्कूल के सामने, भारत बेंज के बाजू वाली कच्ची सडक़ पर गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। रफ्तार तेज होने के कारण स्कार्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी रुकते ही पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर चालक आशुतोष शिवहरे (30), निवासी खेरमाई मंदिर के पास, बेलखाडू थाना कटंगी को दबोच लिया । क्षतिग्रस्त स्कार्पियो की तलाशी लेने पर पुलिस को उसके भीतर छुपाकर रखी गई 48 पाव और 359 बोतल अंग्रेजी शराब मिली। जब्त की गई इस शराब की कुल कीमत 4,01,560 रुपये है। पुलिस ने शराब के साथ-साथ परिवहन में इस्तेमाल स्कार्पियो और आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और जबलपुर में इसे कहां खपाया जाना था।

इधर बाइक छोडक़र भागा तस्कर

पनागर टीआई विपिन बिहारी सिंह ने बताया कि तिलगवां से कच्ची रोड में पुलिस की घेराबंदी देख मोटर सायकल में आता चालक बाइक क्रमांक एमपी 20 जेड एन 5660 को छोडक़र भा गया । सीट के दोनों तरफ पीछे सफेद रंग की बोरी बंधी हुयी थी जिसमें चार डिब्बों में कुल 55 लीटर कच्ची शराब भरी मिली। पुलिस प्रकरण दर्ज कर चालक की तलाश कर रही है।

Next Post

कहीं कोई चूक नहीं हो, अलर्ट मोड में रहे: एसपी

Sat Sep 12 , 2026
जबलपुर। कहीं कोई चूक नहीं होना चाहिए। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें। अलर्ट मोड में रहकर असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखें। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने पूरी तरह तैयार रहे। यह बातें पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने पुलिस कंट्रोल रूम में आगामी गणेशोत्सव पर्व के मद्देनजर राजपत्रित अधिकारियों […]

You May Like

मनोरंजन