जाम लगता है रोज, बेगमबाग में 16 मकान जमींदोज

उज्जैन: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच शहर में बड़े स्तर पर बदलाव की तस्वीर दिखाई देने लगी है. जिस रास्ते पर रोज जाम लगता था वहां पर जेसीबी पोकलेन ने बड़ा अतिक्रमण हटाया. अब सिंहस्थ से पहले महाकाल मार्ग का विस्तार होगा.महाकाल मंदिर जाने वाले मार्ग को चौड़ा करने की योजना के तहत बेगमबाग इलाके में मंगलवार को उज्जैन विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए 11 प्लॉट पर बने 16 मकानों को गिरा दिया. मकान तोड़ने की कार्रवाई के दौरान संभाग आयुक्त और सिंहस्थ मेलाअधिकारी आशीष सिंह और उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार भी पहुंचे, जिन्होंने चर्चा में बताया कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की परिकल्पना अनुसार इस बार का सिंहस्थ सबसे बेहतर होगा यही कारण है कि चौड़ीकरण को गंभीरता पूर्वक किया जा रहा है. बेगमबाग क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान पुलिस बल, नगर निगम और जिला प्रशासन की मौजूदगी में पूरा अभियान चलाया गया. सुबह 7 बजे से ही इलाके में बैरिकेडिंग कर दी गई और भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेसीबी और अन्य मशीनों से मकानों को हटाया गया.

सिक्सलेन ब्रिज और सड़क
नवभारत से चर्चा में विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि आने वाले समय में इसी मार्ग को सिक्स लेन सड़क और सिक्स लेन ब्रिज से जोड़ा जाएगा, ताकि सिंहस्थ में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को जाम और ट्रैफिक की समस्या से राहत मिल सके.

लीज का उल्लंघन किया
उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि हरिफाटक आवासीय योजना के तहत लोगों को लीज दी गई थी, बावजूद कई मामलों में नियमों का उल्लंघन किया गया. जांच के बाद लगभग 45 पट्टे निरस्त किए गए. उसी प्रक्रिया के तहत मंगलवार को 11 प्लॉट पर बने 16 ढांचों को हटाया गया है. कार्रवाई के बाद जमीन को प्राधिकरण के कब्जे में लिया जा रहा है.

कोर्ट से स्टे हटते ही पहुंचा बुलडोजर
सीएसपी राहुल देशमुख ने बताया कि बेगमबाग में जिन मकानों पर से स्टे समाप्त हो चुका था, उन पर कार्रवाई की जा रही है, एक-एक मकान पर दो से तीन जेसीबी और पोकलेन लगाई गई ,पूरे क्षेत्र में पुलिस तैनात की गई है और सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से निगरानी की जा रही है. यातायात व्यवस्था भी नियंत्रित रखी गई ताकि श्रद्धालुओं के लिए एक मार्ग खुला रहे.

सिंहस्थ की राह में बाधा
दरअसल सिंहस्थ 2028 को देखते हुए महाकाल मंदिर के आसपास के मार्गों को चौड़ा करने की योजना बनाई गई है. सिंहस्थ के दौरान संत, श्रद्धालु और लाखों वाहनों की आवाजाही रहती है, जिससे शहर में जाम की स्थिति बन जाती है. ऐसे में महाकाल मार्ग को सिक्स लेन सड़क और सिक्स लेन ब्रिज से जोड़ने की तैयारी की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि यह काम तभी संभव है जब रास्ते में आने वाले पुराने निर्माण और अतिक्रमण हटाए जाएं.

आगे भी होगी कार्रवाई
बेगमबाग में मंगलवार की कार्रवाई को इसी बड़ी योजना की शुरुआत माना जा रहा है. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में यहां और भी मकानों पर कार्रवाई हो सकती है

Next Post

मालवा वनस्पति को किया सील

Wed Mar 25 , 2026
इंदौर: शहर के भागीरथपुरा में स्थित मालवा वनस्पति परिसर को आज प्रशासन सील करने की कार्रवाई की. प्रशासन ने उक्त कार्रवाई डायवर्शन टैक्स की राशि बकाया होने पर की है. जिला प्रशासन द्वारा डायवर्शन टैक्स वसूली केके लेकर अभियान चलाया जा रहा है. उक्त अभियान के तहत आज शहर के […]

You May Like