![]()
नई दिल्ली। आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी से कथित गैंगरेप की घटना के बाद लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वुमेन (LSR) ने सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। कॉलेज ने मंगलवार को नियमित कक्षाएं रद्द कर दीं और बुधवार से क्लासेस ऑनलाइन कर दी हैं।
कॉलेज प्रशासन ने कहा है कि छात्राओं की सुरक्षा, सुरक्षा व्यवस्था और कल्याण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रिंसिपल कनिका के. आहूजा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही कक्षाएं रद्द करने का फैसला लिया गया। छात्राओं की मदद के लिए फैकल्टी मेंटर्स और काउंसलर को तैनात किया गया है।
प्रशासन ने दिल्ली पुलिस से कॉलेज के पिछले गेट और आसपास के पार्कों व गलियों में गश्त बढ़ाने की मांग की है। छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को पिछले गेट के पास अनावश्यक रूप से एकत्र न होने की सलाह दी गई है।
बता दें कि सोमवार शाम आस्था कुंज पार्क में 17 साल की किशोरी से तीन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर कथित तौर पर गैंगरेप किया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बीएनएस और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया है। यह पार्क LSR कॉलेज से करीब 2 किलोमीटर दूर है और डीडीए के अधीन आता है।