छतरपुर। जिले के गढ़ी मलहरा थाना अंतर्गत कलानी गांव में बीती रात मामूली विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि एक किसान के घर का चिराग बुझ गया। पुरानी रंजिश और सुबह हुए विवाद के चलते दबंगों ने एक युवक की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी और दो अन्य लोगों को मरणासन्न कर दिया।
रात के अंधेरे में हुआ हमला
घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 11:30 बजे की है। 19 वर्षीय कमलेश कुशवाहा अपनी दादी नन्नी बाई के साथ खेत पर बनी झोपड़ी में मौजूद था। तभी गांव के ही नंदराम विश्वकर्मा, हर्ष विश्वकर्मा और संदीप रैकवार अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि सुबह हुए किसी विवाद को लेकर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते झोपड़ी में आग लगा दी।
कुल्हाड़ी से किया सिर पर वार
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने पथराव शुरू कर दिया और फिर हथियारों से लैस होकर लौटे। हमलावरों ने कमलेश के सिर पर कुल्हाड़ी से सीधा प्रहार किया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई उसकी दादी नन्नी बाई और वहां काम कर रहे जलील खान को भी बेदर्दी से पीटा गया, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
पुलिस की मुस्तैदी और गिरफ्तारी
घायल जलील खान ने हिम्मत दिखाते हुए 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गढ़ी मलहरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नंदराम, हर्ष और संदीप को हिरासत में ले लिया है, जबकि फरार अन्य साथियों की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।
