गाजा, 08 फरवरी (वार्ता) फिलीस्तीन स्थित विद्रोही संगठन हमास ने शुक्रवार को इजरायल पर जानबूझकर गाजा संघर्ष विराम समझौते के कार्यान्वयन में देरी करने का और इस क्षेत्र में मानवीय सहायता एवं राहत पहुंचाने में बाधा डालने का आरोप लगाया है।
गाजा स्थित मीडिया कार्यालय के प्रमुख सलामा मारूफ ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “इजरायल समझौते के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में विफल रहा है। गाज़ा में राहत सामग्री की मात्रा अपेक्षाकृत बहुत कम है, जो जनसंख्या की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए आवश्यक है।” उन्होंने कहा कि अब तक गाज़ा में केवल 8,500 राहत ट्रक पहुंचे हैं, जबकि सहमति के अनुसार, 12 हजार ट्रक आने चाहिए थे।
मारूफ ने कहा कि इजरायल ने ईंधन के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिया है, प्रतिदिन 50 ट्रकों की बजाय केवल 15 ट्रकों की अनुमति दी जा रही है, इजरायल ने महत्वपूर्ण चिकित्सा आपूर्ति को रोक दिया है, घायलों और मरीजों के निकासी में देरी की है, और आवश्यक पुनर्निर्माण सामग्री के प्रवेश को भी रोक दिया गया है। उन्होंने इजरायल पर वैश्विक दबाव डालने की अपील की, ताकि समझौते को पूरी तरह से लागू किया जा सके, सहायता पर प्रतिबंध हटाए जाएं और पुनर्निर्माण प्रयासों को सुगम बनाया जा सके।
उन्हों गाज़ा में मानवीय संकट को संबोधित करने और उसके बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण का समर्थन करने के लिए एक आपातकालीन अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने की भी मांग की। गाज़ा में 15 महीने से अधिक समय तक जारी संघर्ष के बाद से इजरायल और हमास ने जनवरी में एक तीन-चरणीय संघर्ष विराम समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसमें मिस्र, कतर और अमेरिका ने मध्यस्थता की। पहला चरण, जो 19 जनवरी से प्रभावी है, छह सप्ताह तक चलेगा तथा इसमें इजरायली बंधकों और फिलिस्तीनी क़ैदियों का सीमित आदान-प्रदान, गाज़ा में सहायता बढ़ाना और गाज़ा से इजरायली सैनिकों की आंशिक वापसी शामिल है।
