भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समाज सुधार, राष्ट्र सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में योगदान देने वाले महान व्यक्तित्वों को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने महिला सशक्तिकरण की अग्रदूत सावित्रीबाई फुले की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते हुए उनके सामाजिक सुधार आंदोलनों को याद किया। साथ ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के स्थापना दिवस पर जवानों को बधाई दी और लोकप्रिय राजनेता माधवराव सिंधिया की जयंती पर उनके योगदान को स्मरण किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण की प्रतीक सावित्रीबाई फुले ने छुआछूत, सती प्रथा और बाल-विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष कर समाज सुधार के नए युग की शुरुआत की। उनके प्रयासों ने शिक्षा और समानता के क्षेत्र में नई दिशा दी।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के स्थापना दिवस पर सभी वीर जवानों और उनके परिजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि बल के जवानों का अनुशासन, प्रतिबद्धता और समर्पण पूरे राष्ट्र के लिए गर्व का विषय है।मुख्यमंत्री ने लोकप्रिय राजनेता माधवराव सिंधिया की जयंती पर भी उन्हें नमन करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी दूरदर्शिता से शिक्षा, खेल, पर्यटन और रेल सहित कई क्षेत्रों में प्रगति के नए आयाम स्थापित किए। आधुनिकता, लोककल्याण और नवाचार के प्रति उनका समर्पण देश के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
