जबलपुर: ओमती थाना क्षेत्र में अब एक जालसाज ने मदद करने के बहाने रिटायर्ड कर्मचारी का एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 1 लाख 18 हजार 80 रुपये पार कर दिए।पुलिस के अनुसार नया मोहल्ला निवासी रसीद उद्दीन (60) सीओडी फैक्ट्री से रिटायर्ड हैं, वे सिविक सेंटर स्थित एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने गए थे। तकनीकी कारणों से जब पैसे नहीं निकले, तो पास खड़े एक अज्ञात युवक ने मदद की पेशकश की।
जालसाज ने बुजुर्ग का कार्ड मशीन में लगाया और पिन नंबर देख लिया। पैसे नहीं निकलने का बहाना कर उसने बड़ी चालाकी से रसीद उद्दीन का असली कार्ड अपने पास रख लिया और उन्हें सिवानी कुशवाहा के नाम का दूसरा कार्ड थमा दिया। बुजुर्ग को इसका अहसास नहीं हुआ और वे घर लौट आए। जब बैंक से रसीद उद्दीन के पास फोन आया कि उनके खाते से लगातार पैसे निकाले जा रहे हैं, तब उनके होश उड़ गए।
बैंक के कहने पर जब उन्होंने अपना कार्ड चेक किया, तो वह किसी अन्य महिला का निकला। अज्ञात आरोपी ने उनके खाते से कुल 1,18,080 रुपये निकाल लिए थे। पुलिस ने रसीद उद्दीन की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब एटीएम और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
