निजामाबाद, तेलंगाना के निजामाबाद में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक प्रशांत की मां की शिकायत पर शुरू हुई पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पत्नी संध्या के अपने प्रेमी अनिल के साथ अवैध संबंध थे। पति प्रशांत उनके प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहा था, जिसे रास्ते से हटाने के लिए संध्या और अनिल ने एक अन्य साथी वेंकटा साईं के साथ मिलकर उसे खत्म करने की खतरनाक साजिश रची।
छत से फेंकने के बाद दिया इंजेक्शन
आरोपियों ने 29 जून को पहले प्रशांत को शराब पिलाकर छत से नीचे धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद जब प्रशांत की जान नहीं गई, तो उसे अस्पताल से घर लाया गया। इसके बाद पत्नी संध्या ने प्रेमी के उकसाने पर प्रशांत को लगे कैनुला के जरिए एनेस्थीसिया और टॉयलेट क्लीनर का घातक इंजेक्शन लगा दिया। फिर भी जब उसकी मौत नहीं हुई, तो उसे फर्श पर पटक कर बेरहमी से तड़पा-तड़पा कर मार डाला।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
घटना के खुलासे के बाद पुलिस ने संध्या, अनिल और वेंकटा साईं को गिरफ्तार कर लिया है। सख्त पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने सभी तकनीकी साक्ष्यों को इकट्ठा कर हत्याकांड की पूरी गुत्थी सुलझा ली है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। इस वीभत्स घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है और सामाजिक रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है।

