भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज भोपाल गैस त्रासदी की बरसी पर पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम ने कहा कि यह त्रासदी मानव इतिहास की दर्दनाक घटनाओं में से एक है, जिसकी पीड़ा आज भी लोगों के मन में जीवित है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि सरकार लगातार उनके हितों और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
इधर, अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर दिव्यांगजनों के साहस और क्षमताओं को सलाम किया। उन्होंने लिखा कि दिव्यांगजन विशेष क्षमताओं से सम्पन्न होते हैं, जो उन्हें हर कठिन परिस्थिति में मजबूती से खड़े रहने और असाधारण उपलब्धियां हासिल करने की शक्ति देती हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और उनके कल्याण के लिए हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
