बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू, दतिया उपचुनाव की हार पर मंथन

ग्वालियर/ओरछा: मध्य प्रदेश बीजेपी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज से राम राजा की नगरी में शुरू हुई। ओरछा के प्रतिष्ठित राजमहल पैलेस और राजविलास होटल में हो रही इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश सहित लगभग कई वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हैं।प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में यह पहली कार्यसमिति की बैठक है, ऐसे में संगठन के लिहाज से इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक का मुख्य उद्देश्य ‘मिशन-2028’ और युवा वोटरों को साधना है। इसके तहत आगामी विधानसभा, स्थानीय निकाय व सहकारिता चुनावों के लिए संगठनात्मक रोडमैप तैयार किया जाएगा।
बैठक में पार्टी आगामी तीन महीनों के लिए राज्यभर में चलाए जाने वाले अपने सांगठनिक अभियानों और कार्यक्रमों का खाका तैयार करेगी। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कमजोर बूथों और विपक्षी गढ़ों पर विशेष फोकस रहेगा। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ पर विशेष सत्र आयोजित होगा। अनुसूचित जाति वर्ग के बीच पार्टी की पैठ मजबूत करने पर भी चर्चा की जाएगी।
दिल्ली आंदोलन के बाद अन्य राज्यों में हुए प्रदर्शन के घटनाक्रम को देखते हुए डिजिटल माध्यम से युवा पीढ़ी को कैसे अपने पक्ष में किया जाए, इसको लेकर रणनीति बनेगी। युवा मतदाता को संगठन से जोड़ने के लिए लंबे भाषणों के बजाय इंस्टाग्राम रील्स, यूट्यूब शॉर्ट्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए सरकारी योजनाओं और विचारधारा के प्रचार की रणनीति पर विचार किया जाएगा। इसके लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का सहारा लिया जाएगा।

बैठक में दतिया उपचुनाव में मिली हार के राजनीतिक कारणों की समीक्षा की जाएगी और ‘हर बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान को और बुलंद करने पर फोकस रहेगा, ताकी आने वाले समय में ऐसी परिस्थितियां निर्मित ना हो। पार्टी का लक्ष्य चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय कर जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने पर है। राज्य की राजनीतिक व चुनावी चुनौतियों पर भी मंथन किया जा सकता है। मोहन सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक और कैसे पहुंचाया जाए इस पर भी जोर रहेगा।

Next Post

गांव से अनुभाग तक अब हर मंगलवार होगी जनसुनवाई

Sun Aug 30 , 2026
सिवनी :अब इसी मंगलवार से होगी शुरुआत/ आम नागरिकों की शिकायतों, समस्याओं एवं मांगों के त्वरित, पारदर्शी एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण के लिए कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने जिले में जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के संबंध में आदेश जारी किया है। यह व्यवस्था इसी मंगलवार से […]

You May Like