
जबलपुर। तिलवारा थाना अंतर्गत लम्हेटा बाईपास पर सोमवार रात तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने स्कूटी सवारों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पर पीछे बैठी महिला ट्रक के नीचे फंस गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार अनिल पचौरी निवासी खालसा टिंबर के सामने, गंगासागर गढ़ा अपनी स्कूटी क्रमांक एमपी 20 जेड एफ 4489 पर स्वरूपा झारिया 38 वर्ष को बैठाकर अपने फार्म हाउस चौकीताल जा रहे थे। रात लगभग 10 बजे जैसे ही वे लम्हेटा बाईपास चौराहे के पास पहुँचे, अंधमूक बाईपास की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रक चालक ने लापरवाही और तेज गति से चलाते हुए स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर जा गिरे। अनिल पचौरी को गंभीर चोटें आईं, लेकिन स्वरूपा झारिया सीधे ट्रक के पहियों के पास जा गिरीं। ट्रक चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी, जिससे स्वरूपा ट्रक के निचले हिस्से में फंसकर सड़क पर घिसटती चली गईं। स्वरूपा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनकी स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही मृतिका के भाई दीपक झारिया और अन्य परिजन मौके पर पहुँचे। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारकर फरार हुए ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके।
