फरीदाबाद फाइटर्स के खिलाफ जोरदार वापसी का लक्ष्य लेकर उतरेंगे रोहतक रॉयल्स

सोनीपत, 27 जनवरी (वार्ता) एड्रॉइट स्पोर्ट्स एलएलपी के स्वामित्व वाली कबड्डी फ्रेंचाइज़ी रोहतक रॉयल्स उद्घाटन कबड्डी चैंपियंस लीग (केसीएल) में अपने दूसरे मुकाबले में फरीदाबाद फाइटर्स का सामना करते हुए मजबूत वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में कड़े संघर्ष के बाद रॉयल्स टीम अब खुद को फिर से संगठित कर रणनीति में सुधार करते हुए सीजन की पहली जीत दर्ज करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

हालांकि अपने पहले मुकाबले में रॉयल्स को महज दो अंकों से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम ने खेल के दौरान जुझारूपन और संभावनाओं की झलक दिखाई। डिफेंस और रेडिंग, दोनों विभागों में तालमेल के कई सकारात्मक संकेत मिले। अब मैच अनुभव के साथ टीम इन सकारात्मक पहलुओं को और अधिक सटीक प्रदर्शन में बदलने की कोशिश करेगी, शुरुआती बढ़त हासिल करने पर ध्यान केंद्रित करेगी और मुकाबले में दमदार संदेश देने का लक्ष्य रखेगी।

टीम की कमान अर्जुन पुरस्कार विजेता और भारतीय कबड्डी के दिग्गज संदीप नरवाल के हाथों में है, जिनका अनुभव, संयम और नेतृत्व रोहतक रॉयल्स के अभियान की मजबूत रीढ़ बना हुआ है। वह मैट पर और मैट के बाहर, दोनों जगह युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा रहे हैं।

मुख्य कोच सुरेंद्र नाडा ने टीम के आत्मविश्वास पर भरोसा जताते हुए कहा, “पहले मुकाबले से हमें कई अहम सीख मिली हैं और हमें पूरा भरोसा है कि हम मजबूती से वापसी करेंगे। खिलाड़ियों ने शानदार फाइटिंग स्पिरिट दिखाई है और हमने ट्रेनिंग में कुछ अहम पहलुओं पर काम किया है। कैंप का माहौल बेहद सकारात्मक है। यह एक लंबा टूर्नामेंट है और हमारा फोकस हर मैच के साथ बेहतर प्रदर्शन करने और फरीदाबाद के खिलाफ ज्यादा मजबूत खेल दिखाने पर है।”

अगले मुकाबले के लिए रोहतक रॉयल्स एक बार फिर अपनी संतुलित टीम संरचना पर भरोसा करेगा। ऑल-राउंड जिम्मेदारियां अंकित जाखड़ और सचिन जयभगवान संभालेंगे। डिफेंस में अमित नाफे सिंह (लेफ्ट कवर), साहिल अमरजीत (राइट कॉर्नर), रोनक (राइट कवर), मोहित और आर्यन (लेफ्ट कॉर्नर), संदीप देशवाल (लेफ्ट कवर) और कप्तान संदीप नरवाल (राइट कॉर्नर) अहम भूमिका निभाएंगे। रेडिंग यूनिट की अगुवाई स्टार रेडर विजय मलिक करेंगे, जिनके साथ अंकित राणा, अक्षय राजेंद्र, राकेश सिंगरोहा, हिमांशु और मिलन दहिया शामिल हैं।

पहले मुकाबले में टीम के लिए सर्वाधिक अंक हासिल करने वाले विजय मलिक और मिलन दहिया पर एक बार फिर सबकी नजरें होंगी, जबकि संदीप नरवाल और राकेश सिंगरोहा भी अपने डिफेंस और अटैक से विपक्षी टीम को परेशान करने का प्रयास करेंगे।

वहीं, फरीदाबाद फाइटर्स भी एक प्रतिस्पर्धी टीम के साथ मैदान में उतरेंगे और सभी विभागों में रोहतक रॉयल्स को कड़ी चुनौती देने की उम्मीद है, जिससे यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है।

 

Next Post

केन रिचर्डसन ने प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की

Tue Jan 27 , 2026
मेलबर्न, 27 जनवरी (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज केन रिचर्डसन ने 34 साल की उम्र में प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 25 वनडे और 36 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले और 2021 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। घरेलू […]

You May Like