आमिर खान ने खुलासा किया कि अरिजीत सिंह की रिटायरमेंट खबर सुनकर वह हैरान रह गए थे। हालांकि, अरिजीत ने अपना वादा निभाते हुए ‘एक दिन’ के लिए पांच गाने रिकॉर्ड किए।
बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान ने हाल ही में सिंगर अरिजीत सिंह को लेकर एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है। आमिर ने बताया कि जब उन्हें मीडिया के जरिए अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की खबर मिली, तो वह काफी हैरान रह गए थे। उस समय वह अपनी फिल्म ‘एक दिन’ के लिए अरिजीत के साथ गाने रिकॉर्ड करने की तैयारी कर रहे थे।
दरअसल, जुनैद खान और साई पल्लवी की फिल्म ‘एक दिन’ के लिए अरिजीत सिंह ने गाने गाए हैं। इन गानों की रिकॉर्डिंग के लिए आमिर खान खुद पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद पहुंचे थे और कई दिनों तक अरिजीत के घर पर रुके थे। एक इंटरव्यू में आमिर खान ने बताया कि उन्हें शुरू से ही लग रहा था कि फिल्म के गानों के लिए अरिजीत सिंह की आवाज सबसे परफेक्ट रहेगी।
अचानक मिली रिटायरमेंट की खबर
आमिर ने आगे बताया कि संगीतकार राम संपथ द्वारा तैयार किए गए गानों पर अरिजीत पहले ही हामी भर चुके थे। लेकिन रिकॉर्डिंग से कुछ दिन पहले मीडिया में खबर आई कि अरिजीत सिंह प्लेबैक सिंगिंग से रिटायर होने वाले हैं। यह खबर सुनकर आमिर खान परेशान हो गए। हमारे जाने से चार-पांच दिन पहले हमने मीडिया में पढ़ा कि वो रिटायर हो चुके हैं। मैंने राम से कहा कि अपना सिंगर गया यार।
अरिजीत सिंह ने दिया दिल जीतने वाला जवाब
आमिर खान ने बताया कि उन्होंने तुरंत अरिजीत सिंह को फोन किया और पूछा कि भाई, हम लोग आएं या नहीं? हम लोग आने का प्लान कर रहे थे। इस पर अरिजीत ने जवाब दिया कि सर, मैंने जो कमिटमेंट किया है वो मैं पूरा करूंगा। लेकिन इसके बाद मैं रिटायर हो जाऊंगा। अरिजीत का यह जवाब सुनकर आमिर खान ने राहत की सांस ली और कहा कि शुक्र है ऊपर वाले का।
चार दिन तक अरिजीत के घर रुके आमिर
आमिर खान ने बताया कि वह राम संपत और अपनी टीम के साथ पश्चिम बंगाल के जियागंज मुर्शिदाबाद पहुंचे, जहां वे चार दिनों तक अरिजीत सिंह के घर पर रहे। इस दौरान अरिजीत ने फिल्म ‘एक दिन’ के लिए पांच गाने रिकॉर्ड किए। आमिर ने कहा कि वहां का माहौल बेहद सादा और अपनापन भरा था। उन्होंने बताया कि मुझे लगा जैसे मैं अपने ही घर में बैठा हूं। वह रिकॉर्डिंग के दौरान ज्यादा दखल नहीं देते थे, क्योंकि सिंगर और कंपोजर के बीच एक अलग रिश्ता होता है।
