कनेरा-बीलाखेड़ी रोड पर पारदियों ने बाईक सवारों के साथ लूट पाट कर की मारपीट

गुना: धरनावदा थाना क्षेत्र के कनेरा-बीलाखेड़ी मार्ग पर बुधवार सुबह पारदी गैंग ने लूटपाट की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने विवाह सम्मेलन से लौट रहे बाइक सवार युवकों को रोककर नगदी और मोबाइल लूट लिए। इस दौरान भागने का प्रयास कर रहे एक युवक पर पत्थरों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी सामने आई है कि ग्राम बरोदिया कला के रहने वाले पांच युवक बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे ग्राम इमलिया में आयोजित एक सामूहिक विवाह सम्मेलन से दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह लगभग साढ़े 6 बजे कनेरा-बीलाखेड़ी क्षेत्र में घात लगाकर बैठे पारदी गैंग के बदमाशों ने उनकी घेराबंदी कर दोनों मोटरसाइकिलों को रोकने का प्रयास किया।

बदमाशों को सामने देख एक मोटरसाइकिल पर सवार देवेंद्र यादव नामक युवक ने सड़क किनारे कच्चे रास्ते से बाइक भगाकर अपनी जान बचाने की कोशिश की। इस पर बदमाशों ने उस पर पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर में पत्थर लगने के कारण देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी बीच, बदमाशों ने पीछे से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल को जबरन रोक लिया और उसमें सवार युवकों को हथियारों के दम पर डरा-धमकाकर उनके पास रखे मोबाइल और नगदी छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित युवकों ने जैसे-तैसे मामले की सूचना पुलिस और परिजनों को दी। घायल देवेंद्र यादव को तत्काल गुना जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही धरनावदा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और पीड़ितों के बयानों के आधार पर अज्ञात पारदी बदमाशों की तलाश शुरु कर दी है।

Next Post

जानिक सिनर और कोको गॉफ ने जीत से की शुरुआत

Wed May 27 , 2026
पेरिस, 27 मई (वार्ता) विश्व के नंबर एक खिलाड़ी जानिक सिनर ने फ्रेंच वाइल्डकार्ड क्लेमेंट टैबुर के खिलाफ पहले राउंड में 6-1, 6-3, 6-4 से शानदार जीत दर्ज करके यह साबित कर दिया कि वह इस साल का फ्रेंच ओपन जीतने के सबसे बड़े दावेदार क्यों हैं। मौजूदा चैंपियन कार्लोस […]

You May Like