भोपाल: बीपी मंडल की जयंती के मौके पर आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। बोर्ड ऑफिस चौराहे पर हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य दामोदर यादव ने किया।प्रदर्शनकारियों ने मध्यप्रदेश में OBC को तत्काल 27 प्रतिशत आरक्षण देने और 13 प्रतिशत होल्ड हटाने की मांग की। इसके साथ ही निजी क्षेत्र में आबादी के अनुपात में आरक्षण लागू करने, विधानसभा और लोकसभा में OBC के लिए राजनीतिक आरक्षण का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की मांग रखी गई।
प्रदर्शनकारियों ने छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने और उन्हें प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की भी मांग की। वहीं धार्मिक ट्रस्टों को सरकारी नियंत्रण में लाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। बागेश्वर धाम, कुबेरेश्वर धाम और नवग्रह ट्रस्ट समेत धार्मिक ट्रस्टों की जांच कर उन्हें धर्मस्व विभाग के अधीन संचालित करने की मांग की गई।
प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। पार्टी नेताओं ने कहा कि अगर सरकार ने इन मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को प्रदेशभर में और तेज किया जाएगा।
