छतरपुर: आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण शुरू किया है। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार तिवारी ने सागर रोड और आसपास के क्षेत्रों में दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सपना दूध डेयरी से दही, अग्रवाल स्वीट एंड रेस्टोरेंट और अग्रसेन स्वीट से बेसन के लड्डू तथा प्रतीक्षा दूध डेयरी से घी का नमूना लिया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को सामग्री को ढंककर रखने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी। सभी लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई: खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। पूर्व में नियमों का उल्लंघन पाए जाने वाले मामलों को भी न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया चल रही है।
