ग्वालियर: डबरा नगर परिषद में विकास कार्यों और जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर विरोध का अनोखा तरीका देखने को मिला. नगर पालिका प्रशासन पर लगातार उपेक्षा का आरोप लगाते हुए विपक्षी पार्षदों ने नगर पालिका भवन के बाहर धरना दिया और प्रशासन को जगाने के लिए “भैंस के आगे बीन” बजाकर प्रदर्शन किया. पार्षदों का कहना है कि लंबे समय से विकास कार्यों से जुड़ी फाइलें लंबित हैं, लेकिन उनकी मांगों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आमरण अनशन शुरू करेंगे.
डबरा नगर परिषद की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों में हो रही देरी को लेकर विपक्षी पार्षद नगर पालिका भवन के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं. उनका आरोप है कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए कई बार मांग उठाई गई, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
धरने के दौरान पार्षदों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया. वे एक भैंस को लेकर मौके पर पहुंचे और उसके सामने बीन बजाकर प्रदर्शन किया. साथ ही भैंस को ज्ञापन भी सौंपा. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह प्रदर्शन प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाने के लिए किया है.
