सतना:संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में उनके जीवन-दर्शन, समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 20 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक चलेगा। इसी क्रम में गुरुवार को जिला पंचायत सभागार सतना में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी के मुख्य आतिथ्य तथा जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती सुस्मिता सिंह, जिलाध्यक्ष श्री भगवती प्रसाद पाण्डेय, पूर्व विधायक श्रीमती ऊषा चौधरी, चित्रकूट से आए संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के अनुयायी संत-महात्मा, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं कलश पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित संत-महात्माओं एवं जनप्रतिनिधियों ने संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में समरसता, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने संत रविदास जी के जीवन एवं व्यक्तित्व का स्मरण करते हुए कहा कि संत रविदास महाराज ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को जाति-पंथ से ऊपर उठकर मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को सम्मान के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता स्थापित करने के लिए प्रासंगिक हैं।
