जयपुर 12 नवंबर (वार्ता) राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि सभी चाहते है कि मतदाता सूची की छंटनी हो और गलत नाम उसमें ना जोड़े जाए लेकिन आज जो देश का माहौल है, इस कारण कांग्रेस सहित विपक्ष इसका विरोध कर रहा है।
श्री पायलट यहां मीडिया से कहा “कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित इंडिया गठबंधन के तमाम नेता, सब लोग सब जगह इसका विरोध क्यों कर रहे है यह पहली बार तो हो नहीं रहा है, विरोध इसलिए हो रहा है कि जिस जल्दबाजी में और जिस मंशा के साथ गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) बिहार में किया था वो हम सबने देखा है ।हम नहीं चाहते कि निर्वाचन आयोग अपने मनमानी तरीक़े से किसी भी दल का राजनैतिक हित साधे ।
उन्होंने कहा “और हो क्या रहा है दुर्भाग्यवश भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग धड़ल्ले से कर रही है। निर्वाचन आयोग को आगे रखकर जिंदा लोगों को मरा हुआ दिखाए मरे हुए लोगों का नाम जुड़वाए एक मकान में 250 से वोट बनवादे और यह जो मिलीभगत का काम हो रहा है इसके विरोध में हम सब लोग है। हमने अपने कार्यकताओं को नेताओं को विधायकों को कहा है क्षेत्र में जाए और कोई गड़बड़ी की आशंका नहीं ना बने इसलिए हम सब धरातल पर जाकर जो फॉर्म है जो मापदंड तय है किए उसके आधार पर हम सभी करेंगे।”
श्री पायलट ने कहा “लेकिन मुद्दा यह जो श्री राहुल गांधी ने कहा कि जो वोट चोरी हरियाणा में हुई महाराष्ट्र में हुए उसका हम तथ्य दे रहे है प्रमाण दे रहे है बाबजूद उसके निर्वाचन आयोग कोई जांच नहीं कर रहे। उल्टा राहुलजी से वो एफिडेविट मांग रहे है उनकी जिम्मेदारी बनती है निर्वाचन आयोग एक संवैधानिक संस्था है आप किसी विचार धारा से बंधे हुए नहीं है आपको जांच करानी चाहिए । दुर्भागवश ऐसा नहीं कर रहे। कांग्रेस पार्टी ने निर्णय लिया इस महीने के आखिर में दिल्ली में बड़ा आयोजन होगा जो हमने हस्ताक्षर अभियान चलाया है वोट चोर गद्दी छोड़ के बारे में इस मुद्दे को पूरे देश में हम चला रहे है इसका समापन दिल्ली में होगा।”
