बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस ने घेरा पुलिस अधीक्षक कार्यालय

जबलपुर । शहर में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेसियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया । कानून-व्यवस्था, नागरिक सुरक्षा, बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को लेकर पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक लखन घनघोरिया ने पुलिस अधीक्षक को पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। घनघोरिया ने कहा कि क्षेत्र के नागरिक सुरक्षित नहीं है, लगातार अपराध बढ़ रहा है। नशे के कारोबार चरम पर है। जिसका सीध असर युवा पर पड़ रहा है। जिस पर प्रभावी कार्रवाई होना चाहिए । शहर में अवैध हथियारों की उपलब्धता एवं चाकूबाजी, गोलीबारी, चोरी, लूट पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि अवैध हथियारों के स्रोत, निर्माण, परिवहन एवं आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की गंभीरता से जांच आवश्यक है। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त, प्रभावी पेट्रोलिंग, निगरानी, आवश्यकता के अनुसार रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की गई है, ताकि अपराधों की रोकथाम के साथ आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ जुआ-सट्टा एवं अवैध वसूली पर प्रभावी कार्रवाई हो। यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती है, तो जनहित के विषयों को लेकर लोकतांत्रिक एवं गांधीवादी तरीके से आंदोलन होगा।

आवेदन देकर पीडि़तों को वापिस भेज रही पुलिस-

विधायक लखन ने कहा कि थाना स्तर पर शिकायत दर्ज कराने को लेकर भी नागरिकों से गंभीर शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। कई नागरिकों का कहना है कि संगीन अपराध की शिकायत लेकर थाने पहुंचने पर उन्हें लंबे समय तक बैठाया जाता है और आवेदन लेकर वापस भेज दिया जाता है और उनकी शिकायत पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने मांग की कि संगीन अपराध की सूचना प्राप्त होने पर कानून के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई एवं प्राथमिकी पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

साइबर ठगी रोकने समन्वय की आवश्यकता

जबलपुर में साइबर अपराधों की शिकायतों को गंभीर विषय बताते हुए घनघोरिया ने कहा कि ठगी की शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाए। संबंधित बैंक एवं वित्तीय संस्थाओं के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाए जाएं। ठगी की धनराशि को रोकने अथवा फ्रीज कराने के लिए समयबद्ध प्रयास, डिजिटल साक्ष्यों का संरक्षण, आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए प्रभावी जांच सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही वरिष्ठ नागरिकों सहित आम जनता के लिए साइबर अपराधों से बचाव के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने की मांग की गई।

यातायात व्यवस्था में सुधार हो

शहर के प्रमुख मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में लगातार जाम, अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण एवं यातायात नियमों के उल्लंघन से आम नागरिकों को होने वाली परेशानी का उल्लेख करते हुए घनघोरिया ने यातायात व्यवस्था में स्थायी सुधार की मांग की। उन्होंने कहा कि यातायात की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर प्रभावी यातायात प्रबंधन, व्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण नियंत्रण तथा यातायात नियमों का निष्पक्ष पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

Next Post

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में अचानक पहुंचे कलेक्टर, देखी व्यवस्थाएं

Tue Sep 29 , 2026
जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने रामपुर छापर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिंह ने विद्यालय परिसर में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों और प्रोजेक्ट्स को देखा। बच्चों से […]

You May Like