एयर इंडिया, अकासा जेद्दा के लिए गुरुवार से शुरू कर रही हैं नियमित उड़ानें

नयी दिल्ली, 05 मार्च (वार्ता) भारतीय विमान सेवा कंपनियां एयर इंडिया और अकासा सऊदी अरब के जेद्दा के लिए गुरुवार से नियमित उड़ानें शुरू कर रही हैं। गत 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा संयुक्त सैन्य अभियान में ईरान पर हमले के बाद भारतीय विमान सेवा कंपनियों ने पश्चिम एशिया के लिए और उस क्षेत्र से गुजरने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी थीं। ओमान की राजधानी मस्कट के बाद जेद्दा पश्चिम एशिया का दूसरा शहर है, जिसके लिए नियमित उड़ानें दोबारा शुरू की गयी हैं। हालांकि दो मार्च के बाद से ही विशेष उड़ानों का परिचालन शुरू हो गया था। नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि मुंबई से जेद्दा की उड़ान क्यूपी 561 शाम 7.20 बजे रवाना होगी। वापसी की उड़ान क्यूपी 562 स्थानीय समय के अनुसार रात 11.55 पर वहां से चलेगी। उसने बताया है कि अबु धाबी, दोहा, रियाद और कुवैत की उसकी उड़ानें सात मार्च तक रद्द रहेंगी।

टाटा समूह की एयर इंडिया ने भी पांच मार्च से दिल्ली तथा जेद्दा के बीच एक उड़ान और मुंबई तथा जेद्दा के बीच दो नियमित उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है। एयर इंडिया की इकाई एयर इंडिया एक्सप्रेस ने तीन मार्च से ही दिल्ली, कोच्चि, कोझिकोड, मेंगलुरु, मुंबई और तिरुचिरापल्ली से मस्कट के लिए नियमित उड़ानें शुरू कर दी थीं। बहरीन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात की उसकी उड़ानें हालांकि अब भी रद्द हैं। इसके अलावा, एयर इंडिया, एयर इंडिया, एक्स्प्रेस, इंडिगो और स्पाइसजेट पश्चिम एशियाई देशों में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए विशेष उड़ानों का परिचालन भी कर रही हैं।

Next Post

वियतनाम और जापान के लिए नयी उड़ानें शुरू करेगी एयर इंडिया

Thu Mar 5 , 2026
नयी दिल्ली, 05 मार्च (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने वियतनाम और जापान के लिए नयी उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है। एयरलाइन ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह 01 मई से दिल्ली से वियतनाम के हनोई के लिए और 15 […]

You May Like

Play sound