नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चावल का औसत भाव गिर गया। चावल के साथ गेहूं भी सस्ता हुआ। चीनी में टिकाव देखा गया जबकि दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत छह रुपये घटकर 3,850 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं भी तीन रुपये सस्ता हुआ और 2,781 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे की कीमत गत दिवस के स्तर पर टिकी रही।
दाल-दलहनों में उतार-चढ़ाव नजर आया। उड़द दाल की औसत कीमत 11 रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी। तुअर दाल पांच रुपये और चना दाल चार रुपये महंगी हुई। मूंग दाल के दाम भी दो रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गये। मसूर दाल की कीमत लगभग पिछले कारोबारी दिवस पर ही रही। मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में जुलाई का पाम ऑयल वायदा 44 रिंगिट टूटकर 4,451 रिंगिट प्रति टन रह गया। जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 0.58 प्रतिशत उतरकर 68.65 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया।
स्थानीय बाजारों में सोया तेल की औसत कीमत 19 रुपये और पाम ऑयल की 13 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। सूरजमुखी तेल छह रुपये टूट गया। मूंगफली तेल और वनस्पति चार-चार रुपये सस्ता हुआ। सरसों तेल में तीन रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही। मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव दो रुपये प्रति क्विंटल गिर गया। चीनी पिछले दिन के स्तर पर ही पड़ी रही।

