इंदौर: युवाओं में नशे को रोकने और हॉस्टलों की सुरक्षा जांच मजबूत करने के लिए जोन-2 पुलिस ने जागरूकता कार्यक्रम, सर्चिंग और ड्रोन पेट्रोलिंग सहित व्यापक अभियान चलाया. जिसके तहत जहां छात्रों को नशे से दूर रहने की सीख दी वहीं क्षेत्र के सबी हॉस्टलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.डीसीपी जोन 2 कुमार प्रतीक ने छात्रों को नशे और अपराध से दूर रहने की सलाह दी वहीं लसूडिया क्षेत्र में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर हॉस्टल संचालकों को छात्रों का रिकॉर्ड थाने में देने, सुरक्षा मानक लागू करने और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी है.
अभियान के दौरान असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की गई. इस दौरान 41 गुंडा चेक, 24 चाकूबाज चेक, 28 निगरानी बदमाश चेक किए गए, जबकि 37 संदिग्ध थाने लाकर पूछताछ की गई. 6 संदिग्धों, 5 गुंडा-बदमाशों और 2 चाकूबाजों पर कार्रवाई हुई. हॉटस्पॉट और शैडो क्षेत्रों में 52 व 35 स्थानों पर चेकिंग की गई. वहीं 11 गिरफ्तारी वारंट तामील किए. ट्रैफिक कार्रवाई के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले 33 चालकों पर प्रकरण दर्ज कर वाहन जब्त किए.
जबकि बिना नंबर प्लेट और अन्य उल्लंघनों पर 16 चालान बने. सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने पर 2 और नशा करने पर 3 व्यक्तियों पर कार्रवाई हुई. ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बच्चों को गुड टच-बैड टच और सुरक्षा जागरूकता की जानकारी दी गई. ड्रोन पेट्रोलिंग और बीडीएस टीम की मदद से संवेदनशील इलाकों में सर्चिंग की गई. जोन-2 पुलिस ने नागरिकों से अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि सूचना दाताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
