वियतनाम और जापान के लिए नयी उड़ानें शुरू करेगी एयर इंडिया

नयी दिल्ली, 05 मार्च (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने वियतनाम और जापान के लिए नयी उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है। एयरलाइन ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह 01 मई से दिल्ली से वियतनाम के हनोई के लिए और 15 जून से मुंबई से टोक्यो के हनेडा हवाई अड्डे के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने वाली है।
हो ची मिन्ह सिटी के बाद वियतनाम में एयर इंडिया के नेटवर्क में शामिल होने वाला हनोई दूसरा शहर होगा। वहीं, दिल्ली के बाद मुंबई दूसरा शहर होगा जहां से एयर इंडिया टोक्यो (हनेडा) के लिए उड़ान शुरू कर रही है।

दिल्ली से हनोई की उड़ान मंगलवार और गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन उपलब्ध होगी। इस मार्ग पर ए320 निओ विमान का परिचालन किया जायेगा। मुंबई से टोक्यो हनेडा की उड़ान सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को रवाना होगी। इस मार्ग पर कंपनी बोइंग 787-8 विमान का परिचालन करेगी। एयर इंडिया ने बताया कि ऑल निप्पोन एयरवेज के साथ उसका कोड शेयर समझौता है जिससे यात्री एक ही टिकट पर टोक्यो होते हुए जापान के फुकुओका, हीरोशिमा, नागोया, ओकिनावा, ओसाका और सपोरो के लिए बुकिंग करा सकेंगे।

एयर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी निपुण अग्रवाल ने कहा कि निजीकरण के बाद से एयर इंडिया ने दक्षिण-पूर्व एशिया और सुदूर पूर्व के अपने नेटवर्क में काफी विस्तार किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय यात्रियों के बीच जापान और वियतनाम दोनों तेजी से लोकप्रिय हो रहे गंतव्य हैं। दोनों देशों के साथ भारत के आर्थिक और वाणिज्यिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। प्रेस विज्ञप्ति में जापान के राष्ट्रीय पर्यटन संगठन के आंकड़ों के हवाले से बताया गया है कि साल 2025 में वहां 3,15,000 भारतीय पर्यटक पहुंचे जो 35 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। वियतनाम में पिछले साल पर्यटकों की कुल संख्या दो करोड़ से अधिक रही।

Next Post

इंडिगो जामनगर से नवी मुंबई के लिए शुरू करेगी सीधी उड़ान

Thu Mar 5 , 2026
नयी दिल्ली, 05 मार्च (वार्ता) निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो गुजरात के जामनगर से महाराष्ट्र के नवी मुंबई के लिए सीधी उड़ान शुरू करेगी। एयरलाइंस ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह दैनिक उड़ान 23 अप्रैल से शुरू होगी। इस मार्ग पर वह ए320 विमान का परिचालन […]

You May Like

मनोरंजन

Play sound